मोहम्मद हसन// नवा रायपुर। महानदी भवन की ओर जा रही कर्मचारियों की बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चलती बस में अचानक आग भड़कने के बाद बस में सवार सरकारी कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक बस में 30 से अधिक शासकीय कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही कर्मचारियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ कर्मचारियों के बस से कूदकर बाहर निकलने की भी जानकारी सामने आई है।
चलती बस में अचानक भड़की आग
बताया जा रहा है कि बस नंबर 3073 में अचानक आग लगी। घटना के समय बस कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग की लपटें उठते ही बस को रोकने की कोशिश की गई और कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगने का कारण अज्ञात
बस में आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई है। आग लगने के कारणों और बस की स्थिति को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यह खबर प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। घटना से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।