Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और देशभक्ति से जुड़े कई अहम आयोजनों के नाम रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह गरियाबंद पहुंचेंगे। प्रदेश में आज से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत होगी। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेशभर में क्रांति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक और युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रम भी आज सुर्खियों में रहेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जशपुर दौरा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह करीब 11:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जशपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे मुख्यमंत्री कुनकुरी पहुंचेंगे, जहां अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गरियाबंद पहुंचेंगे AAP सांसद संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे। वे विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। संजय सिंह सुबह करीब 9:30 बजे नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस से गरियाबंद के लिए रवाना होंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। गरियाबंद में कृषि उपज मंडी में आयोजित सभा को भी वे संबोधित करेंगे।
आज से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
छत्तीसगढ़ में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो रही है। प्रदेश में 17 अगस्त तक विभिन्न राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के तहत 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा।
कांग्रेस मनाएगी क्रांति दिवस
कांग्रेस आज क्रांति दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। जिला, शहर और नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रमों के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजन को लेकर संबंधित इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बिलासपुर चैंबर में बैठक से पहले इस्तीफों से हलचल
बिलासपुर संभाग में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की बैठक से पहले संगठनात्मक स्तर पर हलचल देखने को मिली है। संभाग के कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने भी बिलासपुर चैंबर से इस्तीफा दिया है। बिलासपुर में 9 अगस्त को सुबह 11 बजे से चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की बैठक प्रस्तावित है।
युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस पर होगा ध्वजारोहण
भारतीय युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम रायपुर स्थित शहर जिला कांग्रेस भवन में सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष सहित युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।