रायपुर। केरल में तीन दिन की देरी के बाद आखिरकार मानसून ने प्रवेश कर लिया है, जिससे देशभर में मौसम के बदलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के आगे बढ़ने के लिए वर्तमान में अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं, जिसके चलते यह अनुमान लगाया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में भी निर्धारित समय के अनुसार 16 जून तक पहुंच सकता है।
प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा अपडेट के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब बंगाल की खाड़ी, लक्षद्वीप, अरब सागर, केरल, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, माहे, कोमोरिन क्षेत्र के कई हिस्सों और तमिलनाडु में सक्रिय हो चुका है। इसके साथ ही तटीय आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के ऊपर ऊपरी हवा में एक चक्रवाती परिसंचरण भी देखा गया है, जो लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। आगामी दिनों में इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में, गरज-चमक के साथ छींटे, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना गई है। वहीं, तेज आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की है।
रायपुर में तापमान सबसे अधिक
छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले गर्मी का असर अभी भी देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस गुरुवार को दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं 42 डिग्री तापमान के साथ राजनांदगांव भी गर्म शहरों की सूची में शामिल रहा। अंबिकापुर में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मैनपाट, अंबिकापुर और छोटे डोंगर में एक-एक सेंटीमीटर बारिश भी दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने रायपुर में शुक्रवार को हल्की बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई है। अगले 2–3 दिनों तक तापमान में किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं होने की की संभावना है, हालांकि अब लू जैसी स्थिति समाप्त हो सकती है, और गर्मी का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।