उज्जैन : प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर बाबा महाकाल के परम भक्त है। वो अक्सर बाबा के दर्शन के लिए उज्जैन आते है। इसी कड़ी में आज भी सिंगर महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे और भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। साथ ही नंदी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही।
भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए
जानकारी के अनुसार, सिंगर कैलाश खेर सुबह करीब 3 बजे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान कैलाश खेर पूरी तरह से भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए। करीब 2 घंटे तक सिंगर मंदिर में रहे इसके बाद रवाना हो गए।
भस्म आरती के दर्शन होना बाबा के विशेष कृपा का प्रतीक
हालांकि दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कैलाश ने कहा कि जो व्यक्ति महाकाल के दरबार में पहुंच जाता है, उसके जन्मों के पाप धुल जाते हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल की भस्म आरती के दर्शन होना भगवान की विशेष कृपा का प्रतीक है। उन्होंने मंदिर समिति की व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था बहुत बेहतर ढंग से की जा रही है।
मंदिर प्रबंध समिति ने किया स्वागत
दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति द्वारा कैलाश खेर का दुपट्टा और बाबा महाकाल का स्मृति चिन्ह भेंट कर आदरपूर्वक स्वागत-सत्कार किया गया।