Maihar Congress: NEET परीक्षा लीक मामले को लेकर आज दोपहर को मैहर में युवक कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया और जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और रेलवे स्टेशन की ओर कूच कर ट्रेन रोको आंदोलन करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रेलवे स्टेशन परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा पहले से ही बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की व्यवस्था की गई थी।
प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार ओर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं तथा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति भी बनी रही, हालांकि पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से हालात नियंत्रण में रहे। युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने कहा कि NEET परीक्षा लीक मामले ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।