महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र के नागपुर ले जाए जा रहे करीब 6 क्विंटल गांजा को जब्त करते हुए एक 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक लाल रंग की टाटा माजदा वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
मशीनरी के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा
नाकेबंदी के दौरान पुलिस को संदिग्ध टाटा माजदा वाहन क्रमांक MH 46 CU 6060 दिखाई दिया। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर पुलिस को मशीनरी और अन्य सामान के बीच छिपाकर रखी गई गांजे से भरी बोरियां मिलीं। जांच के दौरान वाहन में मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान महबूब बादशाह शेख (65 वर्ष) निवासी संजय नगर, अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) के रूप में बताई।
6 क्विंटल गांजा, वाहन और नकदी जब्त
पुलिस ने वाहन से करीब 6 क्विंटल गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किया गया वाहन, एक मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिंघोड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस कर रही सप्लाई चेन की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र में पहुंचाई जानी थी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसके पीछे किस गिरोह का हाथ है। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही नशे की तस्करी के बीच महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई नशा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।