गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। दोनों भाइयों की पहली तस्वीर अब सामने आ चुकी है, जिसमें वे हथकड़ी पहने दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक अधिकारी उनके पासपोर्ट कैमरे की ओर दिखा रहा है।
हाथ में हथकड़ी और पासपोर्ट थाईलैंड से आई पहली तस्वीर:
तस्वीरों में स्पष्ट है कि गिरफ्तार किए जाने के समय दोनों भाइयों के हाथ बंधे हुए हैं। अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट भी जब्त कर लिए हैं। बता दें कि भारत सरकार ने आगजनी के बाद दोनों के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए थे और रद्द करने की प्रक्रिया भी चालू थी।
पासपोर्ट सस्पेंड होते ही थाईलैंड में रहना हुआ गैरकानूनी:
सरकारी सूत्रों के अनुसार, पासपोर्ट सस्पेंड होने के बाद लूथरा ब्रदर्स का थाईलैंड में रहना गैरकानूनी हो गया था। इसी आधार पर थाईलैंड अधिकारियों ने उन्हें तुरंत हिरासत में लिया। मामले में थाईलैंड प्रशासन ने भारत के साथ पूरी तरह सहयोग किया है।
भारत जल्द कर सकता है डिपोर्टेशन की मांग:
भारतीय एजेंसियां अब दोनों भाइयों को देश वापस लाने की तैयारी में जुट गई हैं। सूत्रों ने बताया कि जैसे ही भारतीय अधिकारी फुकेट पहुँचेंगे, डिपोर्टेशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। गोवा अग्निकांड में 25 लोगों की मौत के बाद से ही सरकार इस मामले में सख्त रवैये पर है।
6 दिसंबर की रात हादसे के बाद हुए थे फरार:
सौरभ और गौरव लूथरा आग लगने की घटना के बाद 6 दिसंबर को भारत से फुकेट भाग गए थे। इंटरपोल ने दोनों पर ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था।दिल्ली की एक अदालत ने हाल ही में दोनों की याचिका पर अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था और अगली सुनवाई का आदेश दिया था। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है, और अब लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी के बाद जांच तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है।
