रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश सरकार से अपील की है कि राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जुलाई 2025 से प्रभावी 3 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता (DA) जल्द से जल्द मंजूर किया जाए। फेडरेशन ने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को औपचारिक पत्र भी प्रेषित किया है।
केंद्र सरकार से भत्ते में तीन प्रतिशत का अंतर
केंद्र सरकार ने हाल ही में अपने कर्मचारियों को 3 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता देने की घोषणा की है, जो जुलाई 2025 से लागू होगा। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, जो केंद्र की तुलना में तीन प्रतिशत कम है। फेडरेशन ने इस अंतर को समाप्त करने के लिए राज्य सरकार से शीघ्र कदम उठाने की मांग की है।
फेडरेशन ने जारी किया आंदोलन का अल्टीमेटम
फेडरेशन ने कहा है कि यदि मांग को जल्द नहीं माना गया तो व्यापक आंदोलन की तैयारी है। महंगाई भत्ते की समानता फेडरेशन की 11 प्रमुख मांगों में प्रमुख रूप से शामिल है।
मुख्यमंत्री से हुई चर्चा में सकारात्मक संकेत
25 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री निवास में फेडरेशन प्रतिनिधिमंडल ने महंगाई भत्ते को लेकर बात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए समाधान का आश्वासन दिया था।