रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार शाम रायपुर स्थित एम्स पहुंचे, जहां प्रसिद्ध ज्ञानपीठ सम्मानित साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल का उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री ने वार्ड में पहुंचकर उनका स्वास्थ्य जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
एम्स के चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को विनोद कुमार शुक्ल की मेडिकल स्थिति और उपचार की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न आए और आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
विष्णु देव साय ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल भारतीय साहित्य की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं। उनकी रचनाएं मनुष्य की संवेदनाओं, सरलता और गहराई को जिस तरह सामने लाती हैं, वह हिंदी साहित्य को नई दिशा देती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि इतने बड़े साहित्यकार छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़े हैं।
एम्स दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा और छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा भी मौजूद रहे।