Attack on CG Police: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना अंतर्गत आने वाले ईचौली गांव में रविवार को उस वक्त भारी बवाल और चीख-पुकार मच गई, जब छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम पर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हमला बोल दिया। दरअसल, छत्तीसगढ़ के देवनगर थाने की पुलिस टीम मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े मामले में फरार चल रहे वांटेड अपराधियों की लोकेशन ट्रेस कर यहां दबिश देने पहुंची थी।
सिविल ड्रेस में होने के कारण और पकड़े गए शातिर अपराधी की चालाकी की वजह से ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ के पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया। इसके बाद पूरे गांव ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेरकर लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। इस खूनी संघर्ष में छत्तीसगढ़ पुलिस का एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि अन्य जवानों ने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई।
अपराधी चिल्लाने लगा चोर-चोर
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज नशीले पदार्थों की तस्करी के एक गंभीर मामले में आकाश, शिवम केशरवानी और उनका एक अन्य साथी लंबे समय से फरार चल रहे थे। छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम ने मुखबिरी के आधार पर ईचौली गांव में जाल बिछाकर पहले आरोपी आकाश को कस्टडी में ले लिया था। इसके बाद टीम जैसे ही दूसरे मुख्य आरोपी शिवम केशरवानी के घर में दाखिल हुई और उसे दबोचा, तो आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए एक खतरनाक चाल चली। उसने शोर मचाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया कि बचाओ-बचाओ, घर में चोर घुस आए हैं।
पुलिस पर टूटे ग्रामीण
आरोपी शिवम की आवाज सुनकर बिना सोचे-समझे और हकीकत जाने बिना दर्जनों ग्रामीण लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने सादे कपड़ों में खड़ी छत्तीसगढ़ पुलिस टीम की एक न सुनी। आरोपी शिवम के भाई, रिश्तेदारों और समर्थकों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और सरकारी काम में बाधा डालते हुए अपराधियों को जबरन छुड़ाने का प्रयास किया।
इन जवानों पर हुआ हमला
इस हिंसक हमले की चपेट में छत्तीसगढ़ के हेड कांस्टेबल युसूफ खान, सिपाही अजय चौधरी, आरक्षक संदीप सिंह, आरक्षक सत्येंद्र प्रधान और आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा आ गए। बदमाशों ने पूरी टीम को जान से मारने की धमकी दी। इस मारपीट में छत्तीसगढ़ पुलिस के आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा के सिर और हाथों पर लाठियों के कई गंभीर वार लगे, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल के आईसीयू/इमरजेंसी वार्ड में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक लेकिन स्थिर बनी हुई है।
कस्टडी में 3 उपद्रवी, अन्य की तलाश
हमले के बीच किसी तरह बाकी पुलिसकर्मियों ने मौके से सुरक्षित निकलकर स्थानीय कोखराज थाना पुलिस को वायरलेस पर इस हमले की जानकारी दी। बाहरी राज्य की पुलिस टीम पर हमले किए जाने की खबर मिलते ही कोखराज थाना प्रभारी भारी पुलिस बल और दंगा नियंत्रण वाहन के साथ ईचौली गांव में दाखिल हुए। यूपी पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़कर स्थिति को काबू में किया। स्थानीय पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी के रिश्तेदारों सहित तीन हमलावरों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, बलवा और अपराधियों को भगाने की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गांव में कॉम्बिंग गश्त शुरू कर दी है।