बुरहानपुर: अगर आप भी पान, गुटखा या तंबाकू खाते है तो ये खबर आपके लिए है। जिला अस्पताल प्रशासन ने हाल ही में गुटखा, तंबाकू खाकर गंदगी फैलाने वालों के लिए एक नई गाइड लाइन जारी की है। जिसके तहत अगर कोई भी अस्पताल में गुटखा-पाउच लाने और खाने के दौरान पकड़ा जाता है तो उसके उपर 200 रूपए का जुर्माना लगाया जायेगा।
बढ़ती गंदगी और स्वच्छता को देखते हुए उठाया कदम
दरअसल, अस्पतालों में बढ़ती गंदगी और स्वच्छता को देखते हुए बुरहानपुर जिला अस्पताल ने यह कदम उठाया है। जिसके तहत अब अस्पताल में गुटखा-पान थूकने पर 200 रूपए का चालान कटा जायेगा। इन नियमों की जानकारी मंगलवार सुबह एनाउंसमेंट के जरिए लोगों को दी गई।
अस्पताल कर्मचारियों के लिए भी नियम होगे लागू
जिला अस्पताल के प्रबंधक धीरज चौहान ने बताया कि यह नई गाइडलाइन स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई है। इसी के तहत अस्पताल के सभी वार्डों में एनाउंसमेंट कर लोगों को सूचित भी कर दिए गया है। इन नियमों के तहत, यदि कोई व्यक्ति गुटखा या पाउच साथ लाता या उसका सेवन करता पाया जाता है, तो उस पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। अस्पताल कर्मचारियों के लिए भी यही नियम लागू किया जायेगा।