MP Bjp News : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावितों लोगों की सहायता करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि संकट की इस घड़ी में भाजपा की संवेदनशील प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
खंडेलवाल की अपील
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा है कि मध्यप्रदेश में बीते दिनों से हो रही अतिवृष्टि के कारण कई स्थानों पर बाढ़ एवं जलभराव होने की जानकारी मिली है। संकट की इस घड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा की संवेदनशील प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ है। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि सरकार के साथ वे भी संकट की इस घड़ी में लोगों की सेवा के लिए आगे आएं।
कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम: हितानंद
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि संगठन पर्व के अंतर्गत हमने लगभग 1.75 करोड़ नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा है। एक पेड़ मां के नाम सहित अन्य कार्यक्रमों से उन्हें जोड़कर भागीदारी सुनिश्चित करें। माय भारत यूथ वालंटियर्स कार्यक्रम के लिए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय युवाओं को तलाशें। 10 से 14 अगस्त तक यात्राएं निकाली जाएं, जिनमें आमजन की भागीदारी हो। 13 से 15 अगस्त तक घरों और दुकानों पर पार्टी कार्यकर्ता तिरंगा फहराएं। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम के स्मारकों, सेनानियों के प्रतिमा स्थल आदि पर स्वच्छता अभियान चलाए जाएं तथा युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों से मिलकर उनका सम्मान करें।
प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए संगठन सर्वाेपरि है। हम विचार परिवार के लिए कार्य करते हैं। सत्ता हमारे लिए जनता की सेवा का माध्यम है। हमें समन्वय से कार्य करते हुए सक्षम कार्यकर्ता को आगे लाना है, जिससे सत्ता और संगठन के कार्यों का और अधिक विस्तार हो सके। हमारी भूमिका समन्वय और पालक की होनी चाहिए। सभी जिला अध्यक्ष व पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की बात को पूरी गंभीरता व सम्मान के साथ सुनें। आप कार्यकर्ताओं की बात को सुनेंगे, उनसे चर्चा करेंगे तो वह संगठन और भाजपा सरकार के कार्यों को जनता तक और अच्छे तरीके से पहुंचा पाएंगे।