बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ रैली की शुरुआत हो गई है। शहर के गार्डन चौक से निकाली जा रही इस रैली में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा देखने को मिल रहा है। प्रदेश और जिले के कई दिग्गज नेता इस कार्यक्रम में शामिल होने बलौदाबाजार पहुंचे हैं।
रैली में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
गार्डन चौक पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुटे हैं। रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गार्डन चौक से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचेगी।
भाजपा की इस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के चलते शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं की एकजुटता के बीच रैली के जरिए पार्टी अपनी ताकत और संगठनात्मक सक्रियता का प्रदर्शन कर रही है।