बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता “दक्षिण कौशल कप 2026” में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। बिलासपुर के सरकंडा मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में बलौदाबाजार पुलिस ने बिलासपुर पुलिस टीम को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
48 टीमों ने हिस्सा लिया
छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में आयोजित इस राज्यस्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 जिलों से कुल 48 टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट में शासकीय विभागों, निजी संस्थानों और संविदा कर्मचारियों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम फाइनल तक पहुंची और आखिरकार चैंपियन बनने में सफल रही।
10 ओवर में बनाए 80 रन
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 80 रन का प्रतिस्पर्धात्मक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कमलेश मरावी, भूपेंद्र वर्मा और त्रिलोक चंद्र साहू ने महत्वपूर्ण पारियां खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
गेंदबाजों ने पलटा मैच
81 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर पुलिस टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। बलौदाबाजार टीम के गेंदबाज द्वारिका साहू, प्रीतम पाटले और नंद किशोर वर्मा ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। अंतिम गेंद तक चले इस रोमांचक मुकाबले में बिलासपुर की टीम जीत के लिए जरूरी 5 रन नहीं बना सकी और मुकाबला हार गई।
विजेता टीम को मिला 1 लाख रुपए का पुरस्कार
टूर्नामेंट जीतने पर बलौदाबाजार-भाटापारा police टीम को 1 लाख रुपए नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं बेहतरीन गेंदबाजी के लिए आरक्षक त्रिलोक चंद्र साहू को “बेस्ट बॉलर” चुना गया। उन्हें रेंजर साइकिल और कप देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले आरक्षक द्वारिका साहू को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें एलसीडी टीवी भेंट किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने दी बधाई
सोमवार को पुलिस कार्यालय सभा कक्ष बलौदाबाजार में पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने विजेता टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की मजबूत टीमों के बीच खिताब जीतना बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों की अनुशासन, मेहनत और टीम भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।