रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, भारतीय प्रशासनिक सेवा 1989 बैच के अधिकारी अमिताभ जैन 30 जून को रिटायर हो जाएंगे। उनके बाद राज्य का अगला मुख्य सचिव कौन होगा, इसकी अटकलें शुरू हो गई हैं। छत्तीसगढ़ में इस वक्त 1991 बैच की अतिरिक्त मुख्य सचिव रेणु पिल्ले, 1992 बैच के सुब्रत साहू 1994 बैच की ऋचा शर्मा और मनोज पिंगुआ इस वक्त छत्तीसगढ़ में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं 1993 बैच के अमित अग्रवाल, 1994 बैच की निधि छिब्बर, विकासशील प्रतिनियुक्ति पर प्रदेश से बाहर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, ऋचा शर्मा और मनोज पिंगुआ की स्वाभाविक दावेदारी सबसे अधिक प्रबल है।
सबसे लंबा कार्यकाल अभिताभ जैन के नाम:
अमिताभ जैन वरिष्ठ आईएएस हैं और रायपुर जिले के कलेक्टर से लेकर मुख्य सचिव के पद पर पहुंचे हैं। इस बीच उन्होंने कई वरिष्ठ पदों पर अपने दायित्वों का निर्वहन सफलतापूर्वक किया है। यही नहीं, वे साफ-सुथरी छवि वाले एक कर्मठ अधिकारी भी माने जाते हैं। श्री जैन 30 नवंबर 2020 से मुख्य सचिव के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। अब उनका सेवाकाल समाप्त होने में लगभग डेढ़ महीने का समय बाकी है। इस बीच राज्य में नए मुख्य सचिव की नियुक्त को लेकर अटकलें और चर्चाएं तेज हो रहीहैं। वे इसी माह 30 जून को रिटायर होंगे। लेकिन खास बात ये है कि पिछले पांच साल से श्री जैन लगातार मुख्य सचिव के रूप में लगातार मुख्य सचिव के रूप में सेवा देने वाले अकेले अधिकारी है। राज्य गठन के बाद अब तक 12 सीएस हुए हैं, सबसे लंबा और सफल कार्यकाल अभिताभ जैन के नाम दर्ज है।
ये हैं प्रमुख दावेदार:
छत्तीसगढ़ में वरिष्ठता के आधार पर मुख्य सचिव पद के प्रमुख दावेदारों में महिला अधिकारी रेणु गोनेला पिल्ले का नाम है। वे 1991 बैच की आईएएस हैं। वर्तमान में वे एसीएस के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उनके बाद के क्रम में सुब्रत साहू हैं जो 1992 बैच के आईएएस हैं। श्री साहू भी एसीएस के रूप में कार्य कर रहे हैं। इन दोनों दावेदारों के बीच तीसरे दावेदार के रूप में अमित अग्रवाल का नाम चर्चा में है। वे 1993 बैच के आईएएस हैं। श्री अग्रवाल छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी है। वे वर्ष 2016 से केंद्रीय सरकार की प्रतिनियुक्त पर दिल्ली में हैं। वर्तमान में वे यूआईडीएआई के सीईओ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। जानकारों का मानना है कि स्वाभाविक दावेदार के रूप में इन तीन अधिकारियों के नाम फिलहाल चर्चा में हैं।