MP Bjp : मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में प्रदेश और जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां पूरी कर ली हैं, लेकिन अब तक जिलों में कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया अधूरी है। इसे गति देने के लिए पार्टी नए फार्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत प्रदेश और संभाग स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी जिलों में भेजे जाएंगे, जो कार्यकर्ताओं से चर्चा कर जिला कार्यकारिणी का गठन सुनिश्चित करेंगे।
हुई रणनीतिक बैठक
बीते गुरुवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद, और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक में जिला कार्यकारिणी गठन को लेकर गंभीर चर्चा हुई। खंडेलवाल ने निर्देश दिए कि जिलों में जल्द से जल्द कार्यकारिणी गठित कर दी जाए, ताकि उसके बाद प्रदेश स्तर की कार्यकारिणी का गठन किया जा सके।
दो-दो पदाधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
पार्टी की योजना के मुताबिक, प्रत्येक जिले में दो पदाधिकारियों को भेजा जाएगा, एक प्रदेश स्तर का और दूसरा संभाग स्तर का। ये दोनों पदाधिकारी स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद कर सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का गठन करेंगे। पार्टी का उद्देश्य है कि यह प्रक्रिया निर्विरोध और संगठनात्मक समरसता के साथ पूरी की जाए। प्रत्येक टीम को दो-दो जिलों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम
भाजपा ने आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर भी एक विशेष कार्ययोजना तैयार की है। 14 अगस्त को "भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस" के अवसर पर राज्यभर में मौन जुलूस और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत युवाओं को देश के बंटवारे की पीड़ा और ऐतिहासिक तथ्यों से परिचित कराया जाएगा। साथ ही, विभाजन के समय विस्थापित हुए परिवारों के अनुभवों को साझा करने के लिए संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।