रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रेम संबंध से जुड़े विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने की बताई जा रही है। आरोप है कि विवाद के दौरान कार चालक ने युवक को टक्कर मारने के बाद वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ा दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की एक युवती से पिछले करीब 3-4 वर्षों से दोस्ती और प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चलने की भी बात सामने आई है। इसी बीच युवक ने युवती को उसके एक अन्य दोस्त के साथ कार में देखा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
कार रोकने की कोशिश में बोनट पर चढ़ा युवक
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान युवक ने कार को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि कार चला रहे युवक ने पहले उसे टक्कर मारी। इसके बाद भी कार नहीं रुकी। युवक कार के बोनट पर चढ़ गया, लेकिन चालक ने वाहन आगे बढ़ाना जारी रखा। पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार करीब 200 मीटर तक आगे गई। इसी दौरान युवक सड़क पर गिर गया और आरोप है कि कार उसके ऊपर से गुजर गई। गंभीर चोट लगने के बाद युवक की मौत हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद आमानाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद सामने आया है। मामले में हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है।
कार चालक फरार, युवती से पूछताछ
पुलिस के मुताबिक, कार चला रहा युवक भरत मंगनानी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं, युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। घटना की वास्तविक वजह और मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच पूरी होने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।