मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में यथार्थ ग्रुप का अस्पताल बीते चार वर्षों में क्षेत्रवासियों के लिए भरोसे का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। अस्पताल ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर बुंदेलखंड क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था को नई दिशा दी है।
अस्पताल के 4वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों के साथ यह दिन मनाया गया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन ने अपने चार वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को साझा किया।
स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा
करीब चार साल पहले शुरू हुए इस अस्पताल ने टीकमगढ़ के साथ-साथ निवाड़ी, छतरपुर, बांदा, ललितपुर और झांसी जैसे आसपास के जिलों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराया है। पहले जहां गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली या ग्वालियर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, वहीं अब लोग पहले यथार्थ अस्पताल में ही परामर्श लेना उचित समझते हैं।
.jpg)
आयुष्मान योजना से गरीबों को राहत
अस्पताल के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। हजारों गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त या कम खर्च में इलाज की सुविधा मिली है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर सकारात्मक असर पड़ा है।
कैंसर रिसर्च सेंटर खोलने की तैयारी
अस्पताल के संचालक डॉ. कपिल त्यागी ने बताया कि यथार्थ ग्रुप का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अस्पताल का विस्तार कर इसे एक बड़े कैंसर रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पहल से बुंदेलखंड के मरीजों को गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लक्ष्य
अस्पताल के डायरेक्टर नितिन चौधरी ने कहा कि उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवन प्रदान करना है। साथ ही, गरीब और जरूरतमंद वर्ग को महानगरों जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल के मैनेजर विकास सांडिल्य ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।