नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद चीन के लिए रवाना हो गए हैं। भारत दौरे के दौरान शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन में हिस्सा लिया और ब्रिक्स देशों के अन्य नेताओं के साथ आधिकारिक फैमिली फोटो भी खिंचवाई। करीब सात साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग की यह यात्रा भारत-चीन संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत भी हुई, जिसमें आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच हुई अहम द्विपक्षीय बैठक
ब्रिक्स समिट से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। बैठक में भारत और चीन के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ व्यापार और संपर्क बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने संस्थागत स्तर पर संवाद बढ़ाने, कारोबारी रिश्तों को बेहतर करने और दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान सेवाएं फिर शुरू करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। व्यापार घाटे से जुड़े मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान भारत-चीन संबंधों के लिए आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित को महत्वपूर्ण आधार बताया। दोनों पक्षों ने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देशों के बीच मौजूद मतभेदों को विवाद का रूप नहीं लेने देना चाहिए और सीमा क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखना जरूरी है।
एयर चाइना की फ्लाइट से पहुंचे थे भारत
शी जिनपिंग शनिवार दोपहर एयर चाइना की विशेष फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ चीन का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया था। दिल्ली एयरपोर्ट से शी जिनपिंग कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आर्मर्ड होंगछी N701 कार से भारत मंडपम पहुंचे। भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बैठक हुई।
पीएम मोदी के गाला डिनर में शामिल नहीं हुए शी जिनपिंग
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। हालांकि, शी जिनपिंग इस डिनर में शामिल नहीं हुए। रिपोर्टों के मुताबिक, व्यस्त कार्यक्रम के बाद उन्होंने होटल लौटकर आराम किया।
ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन भी मौजूद रहे शी जिनपिंग
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओपन सेशन को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने समावेशी वैश्विक विकास, ग्लोबल साउथ की भूमिका मजबूत करने और नई दिल्ली ब्रिक्स घोषणा को प्रभावी तरीके से लागू करने जैसे मुद्दों पर जोर दिया। इस दौरान शी जिनपिंग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शी जिनपिंग और ब्रिक्स के अन्य नेताओं ने फैमिली फोटो खिंचवाई। ब्रिक्स समिट में निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद शी जिनपिंग अब भारत से चीन के लिए रवाना हो गए हैं। उनकी इस यात्रा को भारत-चीन संबंधों में संवाद और संपर्क बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।