भोपाल। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। यात्रियों की बढ़ती मांग और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए भोपाल और रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों का विस्तार किया गया है। इनमें से कई ट्रेनें अब अक्टूबर और नवंबर 2026 तक संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही हावड़ा-भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन को बड़काकाना स्टेशन के स्थान पर अब रांची रोड स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का बढ़ाया गया संचालन
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अनुसार, यात्रियों की मांग को देखते हुए विशेष किराये पर चल रही इन ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों को मंजूरी दी गई है। विस्तारित अवधि के अनुसार ट्रेनों का संचालन इस प्रकार रहेगा।
04728 वलसाड-हिसार साप्ताहिक स्पेशल 15 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसकी वापसी ट्रेन 04727 हिसार-वलसाड 14 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक संचालित होगी।
09151 उधना-मधुबनी साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 30 सितंबर 2026 तक और 09152 मधुबनी-उधना का संचालन 2 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
09031 उधना-हसनपुर रोड साप्ताहिक स्पेशल 27 सितंबर 2026 तक और 09032 हसनपुर रोड-उधना 29 सितंबर 2026 तक चलेगी।
09465 अहमदाबाद-दरभंगा साप्ताहिक स्पेशल 27 नवंबर 2026 तक तथा 09466 दरभंगा-अहमदाबाद 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगी।
04715 बीकानेर-साईनगर शिरडी स्पेशल के फेरे 28 नवंबर 2026 तक और 04716 साईनगर शिरडी-बीकानेर के फेरे 29 नवंबर 2026 तक बढ़ाए गए हैं।
09627 अजमेर-सोलापुर स्पेशल 25 नवंबर 2026 तक और 09628 सोलापुर-अजमेर स्पेशल 26 नवंबर 2026 तक चलेगी।
प्रयागराज जंक्शन की जगह सूबेदारगंज पर ठहराव
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में न्यू वेस्ट केबिन और प्रयागराज जंक्शन के बीच कॉरिडोर ब्लॉक के चलते कुछ समय के लिए ट्रेन के ठहराव में बदलाव किया गया है। 20 सितंबर 2026 से ट्रेन संख्या 09031 उधना-हसनपुर रोड और 22 सितंबर 2026 से 09032 हसनपुर रोड-उधना प्रयागराज जंक्शन के बजाय सूबेदारगंज स्टेशन पर ठहरेगी। यात्रियों को इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस का रांची रोड पर अस्थायी स्टॉपेज
भोपाल मंडल से होकर चलने वाली 13025/13026 हावड़ा-भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस के ठहराव में भी बदलाव किया गया है। बड़काकाना स्टेशन के स्थान पर अब इस ट्रेन को रांची रोड स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।
ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार:
13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस
रांची रोड आगमन: 19:10 बजे
प्रस्थान: 19:15 बजे
प्रभावी तिथि: 19 अक्टूबर 2026
13026 भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस
रांची रोड आगमन: 06:50 बजे
प्रस्थान: 06:55 बजे
प्रभावी तिथि: 15 अक्टूबर 2026
यह अस्थायी व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
IRCTC और PRS पर शुरू हुई बुकिंग
रेलवे के अनुसार, बढ़ाए गए फेरों की बुकिंग पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी के माध्यम से शुरू हो गई है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों के विस्तार से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट बुक करने या यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और रेक संरचना की जानकारी आधिकारिक रेलवे पूछताछ सेवा से जरूर जांच लें, क्योंकि परिचालन संबंधी बदलाव अंतिम समय पर भी हो सकते हैं।