CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। राजधानी रायपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में देर रात बारिश हुई, जबकि धमतरी जिले के कुछ क्षेत्रों में ओले गिरे। मौसम विभाग ने प्रदेश के बड़े हिस्से के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 19 जिलों में आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
धमतरी में गिरे ओले, कई इलाकों में तेज बारिश:
धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद क्षेत्र में सोमवार को ओलावृष्टि हुई। वहीं सरगुजा जिले के उदयपुर समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी देर रात तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट:
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। जिसमें से सरगुजा संभाग सभी जिले, बिलासपुर संभाग: सभी जिले में अलर्ट जारी हुआ है, इसके साथ ही रायपुर, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, नारायणपुर और सुकमा सहित इन जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।
क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही द्रोणिका (ट्रफ लाइन) के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। इस सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश के ऊपर बादलों का निर्माण हो रहा है, जिससे आंधी, गरज-चमक और बारिश जैसी स्थिति बन रही है।
गरियाबंद में युवक पर गिरी आकाशीय बिजली:
गरियाबंद जिले में सोमवार को बेमौसम बारिश के दौरान एक युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। देवभोग ब्लॉक के सीनापाली गांव में 35 वर्षीय गोविंद पटेल इमली के पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान पेड़ पर बिजली गिर गई, जिससे वह झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे देवभोग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा प्रदेश का मौसम:
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में मौसम सामान्य रहा, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान: 40.5°C (राजनांदगांव)
सबसे कम न्यूनतम तापमान: 18.2°C (अंबिकापुर)
रायपुर का मौसम पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में 17 मार्च को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान: लगभग 38°C
न्यूनतम तापमान: करीब 23°C
5 दिन तक आंधी-तूफान का अलर्ट:
मौसम विभाग ने 16 से 20 मार्च तक प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी दी है।
16 मार्च: गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना
17 मार्च: तेज हवाएं और आंधी-तूफान का अलर्ट
18 मार्च: गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
19 मार्च: तूफानी हवाएं और बिजली गिरने का खतरा
20 मार्च: इसी तरह का मौसम बना रह सकता है
हालांकि 21 और 22 मार्च को मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।