भोपाल। मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों और पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश में 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के तहत 8 सितंबर से नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे, जबकि नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है।
18 सितंबर तक नामांकन वापसी का मौका
16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी 18 सितंबर तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन भी किया जाएगा।
26 पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जाएगा
पंचायत उपचुनाव के तहत जिला पंचायत के 7, जनपद पंचायत के 28, सरपंच के 110 और पंच के 4,090 रिक्त पदों पर चुनाव होगा। वहीं नगरीय निकायों में नगर परिषद सुसनेर, नगर पालिका टीकमगढ़ और नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद सहित अलग-अलग निकायों के 26 पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होंगे मतदान
नगरीय निकायों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि पंचायत क्षेत्रों में मतदान की प्रक्रिया शाम 3 बजे तक चलेगी। मतदान के बाद 3 अक्टूबर को ईवीएम से जुड़े परिणाम और 5 अक्टूबर को पंच पदों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
इन वार्ड पर होंगे उपचुनाव
इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60, ग्वालियर के वार्ड 5, सागर के वार्ड 11, कटनी के वार्ड 41, खंडवा के वार्ड 34 और एक अन्य वार्ड समेत कई नगरीय निकायों में पार्षद पदों पर चुनाव होगा। दमोह, इटारसी, मुलताई, दतिया, कोतमा, आष्टा और विदिशा में भी खाली पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। नगर परिषदों में फूफ, चाकघाट, लोहारदा, कोटर, जैतवारा, सिलवानी, बड़ौदा, बरघाट, कसरावद, पिपलिया मंडी, निवाली बुजुर्ग और कुक्षी के संबंधित वार्डों में भी उपचुनाव होगा।