उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार सुबह भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई, जबकि करीब आधे घंटे बाद 2.8 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया। लगातार आए इन झटकों से हिमालयी क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। चमोली के अलावा मणिपुर, अफगानिस्तान और तिब्बत में भी आज भूकंप के झटके दर्ज किए गए।
चमोली में सुबह दो बार आया भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, चमोली जिले में सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर पहला भूकंप आया। इसकी तीव्रता 4.1 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। इसका केंद्र जोशीमठ से लगभग 19 किलोमीटर दक्षिण दिशा में स्थित था।
पहले झटके के करीब 31 मिनट बाद चमोली में एक बार फिर धरती हिली। सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 2.8 मैग्नीट्यूड रिकॉर्ड की गई। इस बार भूकंप का केंद्र जोशीमठ से करीब 24 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम दिशा में बताया गया है।
अफगानिस्तान में भी महसूस हुए भूकंप के झटके
उत्तराखंड में भूकंप के बाद पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी धरती कांपने की खबर सामने आई। यहां सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र राजधानी काबुल से लगभग 312 किलोमीटर दूर बताया गया है।
तिब्बत में भी एक ही दिन में दो बार आया भूकंप
तिब्बत में भी बुधवार सुबह भूकंप की गतिविधियां दर्ज की गईं। यहां सुबह 11 बजकर 2 मिनट पर 3.6 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया। इससे पहले सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर भी 2.8 तीव्रता का झटका महसूस किया गया था।
मणिपुर के इंफाल में भी हिली धरती
देश के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी बुधवार सुबह भूकंप आया। इंफाल में सुबह 7 बजकर 43 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। इस तरह एक ही दिन में भारत के अलग-अलग हिस्सों के साथ पड़ोसी क्षेत्रों में भी भूकंपीय गतिविधियां सामने आई हैं।
13 नवंबर को पिथौरागढ़ में आया था 4.2 तीव्रता का भूकंप
उत्तराखंड में इससे पहले 13 नवंबर को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान पिथौरागढ़ जिले में 4.2 मैग्नीट्यूड की तीव्रता वाला भूकंप दर्ज किया गया था। अब चमोली में लगातार दो झटके आने के बाद एक बार फिर उत्तराखंड का हिमालयी क्षेत्र चर्चा में है।