बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव में शराब की लत छुड़ाने के लिए दी गई कथित जड़ी-बूटी के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।
बाबा द्वारा लोगों को दी जा रही थी जड़ी-बूटी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के एक बाबा द्वारा लोगों को शराब छोड़ने के लिए जड़ी-बूटी दी जाती थी। बताया जा रहा है कि बाबा लंबे समय से लोगों को यह जड़ी-बूटी दे रहा था। इसका सेवन करने के बाद कई लोगों को उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
गंभीर मरीजों को बैतूल किया गया रेफर
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बैतूल रेफर किया जा रहा है। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) स्वयं चिचोली पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बाबा की तलाश में जुटी पुलिस
दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इधर, पुलिस ने जड़ी-बूटी देने वाले बाबा की तलाश शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जड़ी-बूटी में ऐसा कौन सा पदार्थ था, जिसके सेवन से लोगों की जान चली गई।