रायपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान रायपुर के अंबेडकर चौक पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने सफाई कर्मियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें मेडिकल किट भी वितरित की। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष तक देश के प्रधानमंत्री रहने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया वृक्षारोपण
कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री ऑक्सीजोन परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। वृक्षारोपण के बाद उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर चर्चा की। गिरिराज सिंह 12 जून से छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं और इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का भी निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद हैं।
रेशम उत्पादन और कारीगरों की आय बढ़ाने पर मंथन
दौरे के दौरान वस्त्र मंत्रालय से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों और बुनकरों की आय में वृद्धि तथा पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि सरकार उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिश्रित खेती को प्रोत्साहित कर ग्रामीणों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर तैयार करने पर काम कर रही है।
‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा नया विस्तार
बैठक में छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प और रेशम उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर भी जोर दिया गया। आधुनिक डिजाइन, बेहतर विपणन और निर्यात के अवसर उपलब्ध कराकर स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने की दिशा में योजनाएं तैयार की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करें।
.png)