रायपुर: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रायपुर एयरपोर्ट से दुर्ग जिले के लिए रवाना हुए। दुर्ग प्रवास के दौरान वे किसानों और युवाओं से संवाद करेंगे तथा कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस दौरे को छत्तीसगढ़ में कृषि विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
रायपुर लौटकर लेंगे उच्च स्तरीय बैठक
दुर्ग कार्यक्रम के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री रायपुर लौटेंगे, जहां मंत्रालय में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कृषि का दीर्घकालीन रोडमैप तैयार करना मुख्य एजेंडा रहेगा। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा भी शामिल होंगे।
कांग्रेस पर शिवराज सिंह चौहान का तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पहले प्रदेश में कका और बाबा के बीच विवाद चलता था, अब प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच खींचतान जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की आपसी लड़ाई में पार्टी के कार्यकर्ता केवल पिस रहे हैं।
केंद्रीय बजट आत्मनिर्भर भारत को देगा नई गति
एक फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है और यह बजट उस दिशा में और गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं और गरीब वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
वीबी जीरामजी को बताया गरीबों और मजदूरों के लिए वरदान
वीबी जीरामजी को लेकर हो रहे विरोध पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का काम केवल विरोध करना रह गया है। उन्होंने कहा कि वीबी जीरामजी गरीबों और मजदूरों के लिए एक वरदान है। शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के कार्यकाल में एक ही सड़क बार-बार बनाई जाती थी, जबकि अब ऐसा नहीं होगा और पैसा सीधे गांवों के विकास में लगाया जाएगा।
कांग्रेस केवल अच्छे कामों का विरोध कर रही
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के अच्छे कामों का भी विरोध कर रही है। उन्होंने दोहराया कि पहले कका-बाबा की लड़ाई थी और अब प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री के बीच संघर्ष चल रहा है, जिसमें कांग्रेस का कार्यकर्ता सबसे ज्यादा नुकसान झेल रहा है।