शहडोल : मध्य प्रदेश के शहडोल में कोयला खदान की छत भरभराकर गिरने से 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। तब सभी मजदूर खदान के अंदर स्टॉपिंग बॉल के निर्माण कार्य में जुटे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
बंगवार भूमिगत कोयला खदान में हुआ हादसा
हादसा शहडोल के धनपुरी थाना क्षेत्र में स्थित एसईसीएल के सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत बंगवार भूमिगत कोयला खदान में हुआ। बताया जा काम के दौरान कमजोर मिट्टी और चट्टानी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। जिसकी चपेट में आने से 2 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों अनिल कुमार और सुजल वर्मा ने बताया कि खदान के भीतर अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिसके बाद छत का हिस्सा गिरने लगा। मजदूर कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मलबा उन पर आ गिरा। घटना के बाद मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही SECL प्रबंधन, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया।
मजदूरों में भारी आक्रोश
इधर, हादसे को लेकर मजदूरों और उनके परिजनों में भारी आक्रोश है।
प्रारंभिक तौर पर इसे रूफ फॉल की घटना माना जा रहा है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद होगा।