मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गांव के तालाब में नहाने गई दो किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। मृतक बालिकाएं रिश्ते में मामा-बुआ की बहनें बताई जा रही हैं। घटना को लेकर परिवार में जहां मातम पसरा हुआ है। वही पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
गांव के तालाब में नहाने गई थी दोनों
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बालिकाएं गांव में स्थित तालाब पर नहाने के लिए गई थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी।
काफी मशक्कत के बाद शव निकाले गए बाहर
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में जान गंवाने वाली एक बालिका की उम्र करीब 13 वर्ष और दूसरी की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई जा रही है।
परिवार - गांव में पसरा मातम
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है । वहीं, दो युवतियों की असमय मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।