हटा : मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा क्षेत्र में मंगलवार को करंट लगने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा अलग अलग जगहों पर हुए। जिसकी जानकारी पर पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
तेज करंट लगने से अमन पटेल की मौत
पहली घटना मड़ियादो थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, एक डंपर की लिफ्ट ऊपर उठाने के कारण हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। इससे डंपर के हेल्पर अमन पटेल को तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर में कार्य करते समय लगा करंट
दूसरी घटना कुआंखेड़ा बाजी गांव की है। जहां रतन सिंह लोधी घर में कार्य करते समय करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी भी जान नहीं बच सकी।
नाबालिग करेंट लगने से हुआ घायल
वहीं, तीसरी घटना अजब धाम चौकी क्षेत्र के निमी गांव की है। यहां 14 वर्षीय गोविंद पटेल करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल हटा में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वही पुलिस संबंधित मामलों की जांच कर रही है।