भोपाल। राजधानी भोपाल में अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव को देखते हुए प्रशासन ने 13 से 17 अक्टूबर तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव करने का फैसला लिया है। जिसके चलते रोजाना शाम 6 बजे से नए डायवर्जन रूट लागू रहेंगे।
डायवर्जन प्लान जारी
यातायात पुलिस ने आयोजन स्थल के आसपास सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। इससे जाम की समस्या कम करने और लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाने में मदद मिलेगी।
महात्मा गांधी चौराहे से डायवर्जन
महात्मा गांधी चौराहे से कैरियर कालेज जाने वाला यातायात गेट नंबर-6, गुलाब उद्यान तिराहा और कस्तूरबा अस्पताल होकर आइएसबीटी व चेतक ब्रिज जा सकेगा।
एमपी नगर और चेतक ब्रिज से वैकल्पिक मार्ग
एमपी नगर थाने के चौराहे से डा. भीमराव आंबेडकर फ्लाईओवर, आरआरएल तिराहा और एम्स के सामने की फोरलेन सड़क से अवधपुरी आ-जा सकेंगे। चेतक ब्रिज-गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे जाने वाले वाहन सांची डेयरी कट, कस्तूरबा अस्पताल, गुलाब उद्यान रोड, गेट नंबर-6 और बरखेड़ा मार्केट होकर जाएंगे।
ITI तिराहे और बसों के लिए रूट
ITI तिराहे से कैरियर कालेज होकर चेतक ब्रिज-ISBT जाने वाले वाहन सिक्योरिटी लाइन चौराहे और सांविका पेट्रोल पंप तिराहे से जाएंगे। बसें और व्यावसायिक वाहन पटेल नगर, 11 मील और बागसेवनिया होकर ISBT जा सकेंगे।