धार : मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन पर पिटगारा तिराहे के पास शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।
सुबह 07 बजे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बाइक में सवार होकर सुबह 07 बजे एक परिवार कही जा रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिसकी वजह से गाड़ी में सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई।
दूसरी बेटी अस्पताल में भर्ती
मृतकों की पहचान राहुल पिता निर्भय सिंह भाटी (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और बेटी सुमन (14) के रूप में हुई है। हादसे में उनकी छोटी बेटी शिवानी (12) गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तत्काल बदनावर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रतलाम रेफर किया गया।
हादसे के बाद चक्काजाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर महू-नीमच फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। एक घंटे से अधिक चले प्रदर्शन के कारण रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने पिटगारा तिराहे पर स्पीड ब्रेकर और मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
फरार ट्राला चालक की तलाश शुरू
इधर, मामले की सूचना पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है।