Most Expensive Fruit: जब भी महंगाई या लग्जरी की बात होती है, तो जेहन में कार, बंगला या हीरे-जवाहरात आते हैं। लेकिन जापान में उगने वाला एक खास फल ऐसा भी है, जिसकी कीमत कई बार एक नई कार से ज्यादा हो जाती है। इस फल का नाम है युबारी किंग मेलन, जिसे दुनिया का सबसे महंगा फल माना जाता है।
क्या है युबारी किंग मेलन?
युबारी किंग मेलन कैंटालूप खरबूजे की एक किस्म है। इसकी खेती केवल जापान के होक्काइडो द्वीप के युबारी क्षेत्र में ही होती है। यह सिर्फ खाने का फल नहीं, बल्कि वहां इसे लग्जरी और प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। इसका गोल आकार, जालीदार चिकनी छिलका, चमकीला नारंगी गूदा और बेहतरीन मिठास इसे खास बनाती है।
इतनी ज्यादा कीमत क्यों?
इस फल की कीमत के पीछे कई वजहें हैं। सबसे पहली वजह इसकी भौगोलिक पहचान है, यानी इसे केवल युबारी क्षेत्र में ही उगाया जा सकता है। वहां की ज्वालामुखीय मिट्टी और दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर इस खरबूजे को खास स्वाद और खुशबू देता है।
खेती नहीं, पूरी वैज्ञानिक प्रक्रिया
युबारी किंग मेलन की खेती आम खेती जैसी नहीं होती। इसे ग्रीनहाउस में पूरी तरह नियंत्रित माहौल में उगाया जाता है। तापमान, नमी, धूप और पानी की गुणवत्ता तक पर नजर रखी जाती है। कई किसानों के यहां एक पौधे पर सिर्फ एक ही खरबूजा रखा जाता है, ताकि सारे पोषक तत्व उसी फल में जाएं और उसकी क्वालिटी सर्वोच्च रहे।
उत्पादन कम, डिमांड ज्यादा
इस खरबूजे का उत्पादन सीमित मात्रा में ही होता है। जो फल आकार, मिठास या रंग के तय मानकों पर खरे नहीं उतरते, उन्हें बाजार में आने ही नहीं दिया जाता। सीमित सप्लाई और अधिक मांग इसकी कीमत को आसमान तक पहुंचा देती है।
लाखों में बिकने की कहानी
हर साल युबारी किंग मेलन की पहली खेप पारंपरिक नीलामी में बेची जाती है। बड़ी कंपनियां और अमीर खरीदार प्रतिष्ठा और प्रचार के लिए इसमें ऊंची बोली लगाते हैं। एक बार इस खरबूजे का एक जोड़ा करीब 33 लाख रुपये में नीलाम हो चुका है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था।
सिर्फ फल नहीं, स्टेटस सिंबल
जापान में युबारी किंग मेलन को खास मौकों पर गिफ्ट किया जाता है। वहां इसे सम्मान और उच्च सामाजिक दर्जे का प्रतीक माना जाता है, यही वजह है कि इसकी कीमत स्वाद से कहीं आगे जाकर संस्कृति और परंपरा से जुड़ जाती है।