रायपुर प्रेस क्लब के इतिहास में पहली बार महिला पत्रकारों का इंटरप्रेस क्रिकेट खेला गया और यह मुकाबला यादगार बन गया। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई के अंतर्गत स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट में महिला पत्रकारों का शो मैच सुभाष स्टेडियम में पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ।
शक्ति और तेजस्वी टीम के बीच रोमांचक मैच रहा :
मुकाबले में शक्ति और तेजस्वी टीम के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। खेल की गति, फील्डिंग की चुस्ती और सटीक बल्लेबाज़ी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। यह कहीं से भी नहीं लगा कि महिला पत्रकार पहली बार मैदान में उतरी हैं। मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा। अंततः शक्ति टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि तेजस्वी टीम उपविजेता रही।
21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा:
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए विजेता और उपविजेता टीम को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव हैं। कार्यक्रम में बाल संरक्षण आयोग रायपुर की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, पार्षद श्रीमती अंजुम ढेबर सहित कई वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।


दोनों टीमों को प्रदान की गई ट्रॉफी :
स्व. वीरेंद्र दीपक की स्मृति में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई, सभी खिलाड़ियों को मैडल भी वितरित किया गया, और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और गिफ्ट के साथ सम्मानित किया गया ।
मंच संचालन सुश्री आकांक्षा दुबे ने किया। आयोजन समिति के संयोजक श्री विजय मिश्रा के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन महिला पत्रकारों की खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और टीम भावना का शानदार उदाहरण बना और प्रेस जगत में सकारात्मक संदेश छोड़ गया।