Indore News: मध्य प्रदेश की राजनीति से वैचारिक मतभेदों के बीच आपसी सम्मान और सौहार्द की एक बेहद दुर्लभ तस्वीर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा की वरिष्ठ विधायक उषा ठाकुर के बीच धर्म, आस्था और सांस्कृतिक पहचान को लेकर एक खुली चर्चा हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लोग 'अनोखा राजनीतिक संवाद' कह रहे हैं, क्योंकि इसमें तीखी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बजाय गंभीर वैचारिक विमर्श देखने को मिला।
में हमेशा सनातनी...
चर्चा के दौरान जब बात धार्मिक आस्था और पहचान पर आई, तो दोनों नेताओं ने खुलकर अपने विचार रखे। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने साफ तौर पर कहा कि वे हमेशा से सनातन धर्म का पालन करते आए हैं। उन्होंने अपनी आस्था को रेखांकित करते हुए कहा कि धार्मिक प्रतीकों और सनातन मूल्यों में उनका विश्वास नया नहीं है, बल्कि वे हमेशा से इसे जीते आए हैं।
उषा ठाकुर का रुख
भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह की बात का स्वागत करते हुए एक महत्वपूर्ण बात जोड़ी। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा को केवल व्यक्तिगत जीवन तक सीमित न रखकर सार्वजनिक जीवन में भी पूरे गर्व के साथ स्वीकार किया जाना चाहिए और इसे प्रकट करने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए।
भोजशाला विवाद और न्यायालय का सम्मान
इस बातचीत के दौरान धार के ऐतिहासिक और संवेदनशील 'भोजशाला' मामले का भी जिक्र आया। हालांकि, दोनों ही नेताओं ने इस मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीतिक बयानबाजी से परहेज किया। दोनों ही पक्षों ने एक सुर में कहा कि भोजशाला को लेकर जो भी कानूनी प्रक्रिया चल रही है, वे उसका पूरा सम्मान करते हैं। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि न्यायालय द्वारा जो भी अंतिम निर्णय दिया जाएगा, वह सर्वोपरि होगा और दोनों दल उसका आदर करेंगे।
हल्की नोकझोंक, मगर गजब का सौहार्द
पूरी बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच अपनी-अपनी पार्टी की लाइन को लेकर हल्की-फुल्की नोकझोंक और सियासी तंज भी देखने को मिले, लेकिन खास बात यह रही कि पूरे संवाद का माहौल पूरी तरह से मर्यादित और दोस्ताना बना रहा। वर्तमान दौर की कटुतापूर्ण राजनीति के बीच इस तरह का संवाद सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और राजनीतिक विश्लेषक भी इसे मध्य प्रदेश की समृद्ध राजनीतिक परंपरा का एक बेहतरीन उदाहरण मान रहे हैं।