T20 World Cup 2026: मुंबई। टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराकर टूर्नामेंट में मजबूत संदेश दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद अर्धशतकीय पारी और मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाज़ी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
सूर्यकुमार की कप्तानी पारी से संभली टीम इंडिया:
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महज 46 रन पर 4 विकेट गिर गए। मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और संयमित लेकिन आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 161/9 का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। इस दौरान सूर्यकुमार ने बतौर कप्तान अपना 8वां अर्धशतक पूरा किया और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 रन का आंकड़ा भी पार किया।
भारतीय गेंदबाज़ों के सामने नहीं टिक सका अमेरिका:
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भारतीय गेंदबाज़ों के सामने संघर्ष करती नजर आई और 20 ओवर में 132/8 रन ही बना सकी। अमेरिका की ओर से शुभम रंजने – 37 रन, संजय कृष्णमूर्ति – 37 रन, मिलिंद कुमार – 34 रन बनाएं , वहीं भारतीय गेंदबाज़ों सिराज, अर्शदीप और अक्षर ने शानदार गेंदबाज़ी कर पूरे मैच में दबाव बनाए रखा। जिसमें से मोहम्मद सिराज – 3 विकेट, अर्शदीप सिंह – 2 विकेट और अक्षर पटेल – 2 विकेट लिए हैं, इसके अलावा शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ दमदार आगाज़ किया है। सूर्यकुमार यादव की मैच जिताऊ पारी और गेंदबाज़ों के अनुशासित प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि भारत खिताब बचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्लेइंग XI
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
USA: सैतेजा मुक्कमल्ला, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान।
भारत का आगे का शेड्यूल:
भारत के आगामी मैच शेड्यूल के मुताबिक 12 फरवरी को भारत vs नामीबिया, 15 फरवरी भारत vs पाकिस्तान (अनिश्चित) और 18 फरवरी को भारत vs नीदरलैंड्स का मैच होगा।