सुकमा: जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चिंतलनार थाना क्षेत्र के चिन्नाबोड़केल के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाया। मौके से हथियार, विस्फोटक सामग्री, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
यह संयुक्त अभियान 5 सितंबर 2026 को महत्वपूर्ण खुफिया सूचना के आधार पर चलाया गया था। अभियान में 223वीं वाहिनी CRPF और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल रही।
खुफिया सूचना पर जंगल में पहुंची संयुक्त टीम
अधिकारियों के निर्देश पर सुकमा के संवेदनशील और दुर्गम इलाकों में लगातार एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चिन्नाबोड़केल के पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और छिपाकर रखी गई सामग्री की तलाश के लिए ऑपरेशन शुरू किया गया। कैम्प रायगुडेम से सहायक कमांडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में निकली संयुक्त टीम ने इलाके में सघन तलाशी ली। इसी दौरान जंगल के भीतर सुरक्षा बलों को नक्सलियों का छिपा हुआ डंप मिला।
भरमार राइफल और BGL पाइप समेत हथियार बरामद
सुरक्षा बलों के अनुसार डंप से एक देशी भरमार राइफल बरामद हुई है। इसके अलावा BGL तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कुल 57 पाइप भी मिली हैं, जिनमें 29 बड़ी और 28 छोटी पाइप शामिल हैं। तलाशी के दौरान डेटोनेटर से जुड़े तीन IED कंटेनर, पांच शॉक ट्यूब असेंबली, एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और तीन नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी बरामद किए गए। इसके साथ ही करीब एक किलोग्राम गन पाउडर और लगभग तीन किलोग्राम यूरिया भी जब्त किया गया। मौके से छोटे-बड़े पटाखे, करीब 500 ग्राम स्प्लिंटर और 18 लोहे की स्पाइक भी बरामद होने की जानकारी दी गई है।
वायरलेस और रेडियो सेट भी मिले
डंप में नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले संचार उपकरण भी पाए गए। सुरक्षा बलों ने बैटरी सहित दो वायरलेस सेट और दो रेडियो सेट बरामद किए। इसके अलावा लिथियम बैटरी, बड़ी और छोटी बैटरियां, इलेक्ट्रिक तार के तीन बंडल, बैटरी चार्जर, टॉर्च चार्जर, ट्रैवल चार्जर, सर्किट बोर्ड और मोबाइल चार्जर भी मिले हैं। तलाशी में AC/DC पावर इन्वर्टर, 20,000 mAh का पावर बैंक और दो खराब मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
नक्सली साहित्य और यूनिफॉर्म भी बरामद
सुरक्षा बलों को डंप से नक्सली गतिविधियों से संबंधित अन्य सामान भी मिला है। इनमें एक नक्सली झंडा, 25 नक्सली साहित्य, काली यूनिफॉर्म, बेल्ट और मच्छरदानी शामिल हैं। इसके अलावा आठ तीर-कमान, 18 लोहे की स्पाइक, लकड़ी की स्पाइक, कंटेनर, USB और AUX केबल, घड़ी, कैलकुलेटर, M-Seal और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद हुई।
लगातार जारी है सर्चिंग अभियान
अधिकारियों के मुताबिक सुकमा जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बल जंगल और पहाड़ी इलाकों में एरिया डोमिनेशन के साथ संदिग्ध स्थानों पर सर्चिंग कर रहे हैं। यह अभियान CRPF के पुलिस महानिरीक्षक आनंद राजपुरोहित, सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, 223वीं वाहिनी CRPF के कमांडेंट नीरज राठौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। मामले में बरामद सामग्री को लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।