ग्वालियर : मध्य प्रदेश के आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में स्टाइपेंड बढ़ोतरी की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लंबे समय से जारी है। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा मामले में एक्शन नहीं लेने के चलते आक्रोशित छात्रों ने आज कॉलेज और अस्पताल के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर छात्रों ने सामूहिक रूप से डिग्री छोड़ने तक की भी चेतावनी दी।
BAMS इंटर्न स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर
दरअसल, ग्वालियर के शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में BAMS इंटर्न स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र हड़ताल पर हैं। तो वही इंदौर में भी अष्टांग आयुर्वेदिक कॉलेज में गुरुवार सुबह स्टाइपेंड की मांग को लेकर छात्रों ने विरोध कर प्रशासन के सामने अपनी मांगे रखी। तो वही उज्जैन में भी छात्रों ने मांगों को लेकर हल्ला बोल किया।
हर महीने मिल रहे 9,383 रुपये स्टाइपेंड
छात्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश में BAMS इंटर्न को हर महीने महज 9,383 रुपये स्टाइपेंड दिया जा रहा है,जबकि दूसरे राज्यों में यह राशि कहीं ज्यादा है। छात्रों की मांग है कि स्टाइपेंड बढाकर 21500 प्रतिमाह किया जाए।
सामूहिक रूप से डिग्री छोड़ने की दी चेतावनी
छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन जल्द ही अगर मामले में एक्शन नहीं लिया गया। तो वे सभी सामूहिक रूप से अपनी डिग्री छोड़ देंगे। अब छात्रों की मांगों पर कॉलेज प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाया जाता हैं, इस पर सभी की नजर टिकी हुई है।