सीधी : रक्षाबंधन से पहले सीधी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। सीधी सिंगरौली मार्ग पर ग्राम सपही बांध के पास सोमवार को तेज रफ्तार बस और ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसकी वजह से हादसे में 10 वर्षीय सगुन साकेत की मौत हो गई, जबकि उसका 8 वर्षीय भाई वस्तिक साकेत गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
बस और ऑटो की हुई भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, ग्राम सपही निवासी सुखेंद्र साकेत के बेटे वस्तिक साकेत और बेटी सगुन साकेत सोमवार सुबह करीब 10 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। दोनों ऑटो में सवार होकर सरस्वती ज्ञान मंदिर कुबरी जा रहे थे। ऑटो में मलखम गांव निवासी 6 वर्षीय सुरभि साकेत भी सवार थी। दोपहर करीब 1 बजे परिजनों को सूचना मिली कि सपही बांध के पास बस और ऑटो की भिड़ंत में तीनों बच्चे घायल हो गए हैं।
इलाज के दौरान सगुन साकेत की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोखरा से सीधी की ओर आ रही पवन कोच बस की ऑटो से टक्कर हो गई, जिससे ऑटो बुरी तरह चकनाचूर हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को निजी वाहन से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। इलाज के दौरान सगुन साकेत की मौत हो गई, जबकि उसके भाई वस्तिक की हालत नाजुक बनी हुई है। तीसरी बच्ची सुरभि साकेत को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार
इधर, बेटी की मौत और बेटे की गंभीर हालत के चलते परिजनों का जहां रो रोकर बुरा हाल है। तो वही बहरी थाना पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।