अनील शर्मा, हटा: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा अनुभाग में एक बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। यहां के राजाबंदी में संचालित एक सरकारी छात्रावास की छत का छप्पर अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस हादसे के दौरान हॉस्टल के अंदर मौजूद लगभग एक दर्जन छात्राएं मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
मलबे में दबीं मासूम
जानकारी के अनुसार रोज़ की तरह हॉस्टल में मौजूद छात्राएं जब अपने कमरों में थीं, तभी जर्जर छत का छप्पर भरभराकर सीधे उनके ऊपर गिर गया। चीख-पुकार सुनते ही आस-पास के ग्रामीणों ने मौके पर दौड़ लगाई। और बिना किसी देरी के मलबे से घायल छात्राओं को बाहर निकाला और 8 से 10 गंभीर घायल छात्राओं को इलाज के लिए पटेरा स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
अस्पताल पहुंचे अधिकारी
हादसे की जानकारी लगते ही हटा एसडीएम राकेश मरकाम, तहसीलदार उमेश तिवारी और शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने पटेरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्थिति की कमान संभाली और डॉक्टरों से बातचीत कर छात्राओं के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
.png)