मुंबई/शाहजहांपुर। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर कानूनी और आर्थिक विवादों के चलते सुर्खियों में हैं। पहले चेक बाउंस मामले में नाम सामने आने के बाद अब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उन पर बकाया ऋण की वसूली के लिए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बैंक का दावा है कि अभिनेता पर 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये से अधिक की देनदारी है, जिसके चलते उनकी शाहजहांपुर और मुंबई स्थित संपत्तियों को नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शाहजहांपुर में चिपकाया गया नीलामी नोटिस
बैंक के रिकवरी अधिकारियों ने शाहजहांपुर स्थित अभिनेता के पैतृक गांव पहुंचकर उनकी संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस चस्पा किया। बैंक के अनुसार, बकाया राशि में मूल ऋण के साथ-साथ ब्याज भी शामिल है। नोटिस जारी होने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।
फिल्म निर्माण के लिए लिया था लोन
बताया जा रहा है कि यह ऋण अभिनेता ने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए लिया था। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण अब बैंक ने कानूनी प्रक्रिया के तहत रिकवरी अभियान तेज कर दिया है।
दो संपत्तियां होंगी ऑनलाइन नीलाम
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर में राजपाल यादव की दो प्रमुख संपत्तियां हैं। इनमें शहर स्थित एक संपत्ति और पैतृक गांव में खेत एवं मकान शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3.19 करोड़ रुपये बताई गई है। बैंक ने इन संपत्तियों की 9 सितंबर 2026 को ऑनलाइन नीलामी प्रस्तावित की है।
पत्नी और मां की संपत्ति भी बनी गारंटी
ऋण लेते समय राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटी (कोलेटरल) के रूप में बैंक के पास गिरवी रखा था। बैंक अब शाहजहांपुर के साथ-साथ मुंबई स्थित संपत्तियों पर भी रिकवरी की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।
बैंक की अगली कार्रवाई क्या होगी?
यदि तय समय सीमा के भीतर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, तो बैंक नियमानुसार संपत्तियों की नीलामी कर बकाया वसूली करेगा। फिलहाल इस पूरे मामले पर अभिनेता राजपाल यादव की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वर्क फ्रंट
पेशेवर मोर्चे पर राजपाल यादव हाल ही में फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आए हैं। हालांकि इस समय उनकी फिल्मों से ज्यादा बैंक रिकवरी और संपत्ति नीलामी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।