राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरिभूमि-आईएनएच की ओर से राजनांदगांव में 'जिला संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 19 जुलाई को दोपहर 2 बजे शहर के रायपुर नाका स्थित एबीस ग्रीन होटल में आयोजित होगा। इसमें जिले के विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी चर्चा का संचालन करेंगे। पिछले दो वर्षों में जिले में हुए विकास कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं और चुनौतियों पर भी विभिन्न पक्षों से विचार-विमर्श किया जाएगा।
पांच चरणों में होगी विकास पर चर्चा
जिला संवाद कार्यक्रम को पांच अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इनमें शहरी और ग्रामीण विकास, आधारभूत सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों की भागीदारी रहेगी।
इन प्रमुख हस्तियों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, विधायक दलेश्वर साहू, हर्षिता स्वामी बघेल, भोलाराम साहू, महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व विधायक छन्नी साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार समेत विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा उद्योगपति बहादुर अली, सुनील मुंदड़ा, सुनील अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार सुशील कोठारी, शिक्षाविद नीरज बाजपेयी, चिकित्सक डॉ. प्रकाश खुंटे, चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष कमलेश बैद तथा कैट अध्यक्ष राजू डागा भी कार्यक्रम में अपनी भागीदारी देंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों से भी होगा संवाद
कार्यक्रम में राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। इससे आमजन को जिले की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।