राजा शर्मा// राजनांदगांव। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बोरतलाव पुलिस ने डोंगरगढ़-महाराष्ट्र मार्ग पर कार्रवाई करते हुए गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो 543 ग्राम गांजा, एक अल्टो कार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत 3 लाख 28 हजार 40 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रे कलर की अल्टो कार क्रमांक CG-07 M-5536 में चार लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर डोंगरगढ़-बोरतलाव मार्ग से महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद बोरतलाव पुलिस ने डोंगरगढ़-महाराष्ट्र मार्ग पर गोविंद लिल्हारे की किराना दुकान के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली।
कार में बने चेंबर से मिले गांजे के 10 पैकेट
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को बीच वाली सीट के नीचे और सीट के पीछे बनाए गए विशेष चेंबर से गांजे के 10 पैकेट बरामद हुए। जांच के बाद गांजे का कुल वजन 10 किलो 543 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये बताई है। दो आरोपी गिरफ्तार, दो अपचारी बालक भी पुलिस अभिरक्षा में मामले में पुलिस ने रोशनलाल बर्मन (54), निवासी जबलपुर और कृष्णदास बैरागी (55), निवासी जबलपुर को गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजे के अलावा अल्टो कार- करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल फोन- 20 हजार रुपये, नकद राशि - 3,040 रुपये, गांजा - 10 किलो 543 ग्राम जब्त किया है। सभी जब्त सामान की कुल कीमत 3,28,040 रुपये बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
बोरतलाव पुलिस ने गांजा तस्करी के इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे महाराष्ट्र में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। बोरतलाव पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।