TMC office raid: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कोलकाता के साल्टलेक इलाके में स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय से 100 से अधिक आधार कार्ड और सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और विपक्ष ने राज्य सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। यह मामला बिधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 36 स्थित बसंती देवी कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां मौजूद टीएमसी कार्यालय से स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में आधार कार्ड मिले। सूचना मिलने के बाद बिधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने किया बड़ा दावा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरामद आधार कार्ड इलाके के ही लोगों के हैं। लोगों के मुताबिक, आधार कार्ड बनवाने के दौरान कई लोगों का पता टीएमसी कार्यालय का दर्ज कराया गया था, जिसके चलते कार्ड वहीं पहुंचते थे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार आधार कार्ड मांगने के बावजूद पार्टी कार्यालय से उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता था कि कार्ड अभी तक नहीं पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि 4 मई को स्थानीय लोगों ने इस कार्यालय पर ताला लगा दिया था। बाद में ताला खोले जाने पर अंदर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद हुए।
जमीन सौदों के दस्तावेज मिलने से बढ़ी सियासी हलचल
मामले में सबसे बड़ा विवाद सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की बरामदगी को लेकर हो रहा है। दस्तावेज मिलने के बाद विपक्षी दलों ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं। माना जा रहा है कि यह मामला आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है। राज्य में पहले से ही घुसपैठ और फर्जी आधार कार्ड को लेकर राजनीतिक बहस चल रही है। ऐसे में किसी राजनीतिक दल के कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड मिलने से विवाद और गहरा गया है।
बीजेपी कार्यकर्ता से मारपीट TMC पार्षद गिरफ्तार
इसी बीच हुगली जिले के बैद्यबाटी इलाके में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट के आरोप में टीएमसी पार्षद राजू पारुई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर प्रचार अभियान चला रहे थे, तभी विवाद हुआ। बीजेपी कार्यकर्ता स्नेहांशु महंत की शिकायत के आधार पर श्रीरामपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने टीएमसी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया।
राजनीतिक माहौल गरम
साल्टलेक में आधार कार्ड और जमीन दस्तावेज बरामदगी का मामला सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल और गरमा गया है। विपक्ष इसे प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण का मामला बता रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।