लोकेशन: ग्वालियर (मध्यप्रदेश)
संवाददाता: जावेद खान | मो. 93293 02284
Gwalior Rabies Dead : ग्वालियर शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक अब जानलेवा साबित हो रहा है। रेबीज संक्रमण के चलते एक और युवक की मौत हो गई है। बीते एक सप्ताह में यह चौथी मौत बताई जा रही है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था और जागरूकता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
35 वर्षीय ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, मृतक 35 वर्षीय अशोक छतरपुर जिले के नवगांव का निवासी था। 24 जनवरी को गांव में एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गया। परिजनों के मुताबिक, हमले के बाद अशोक ने एंटी-रेबीज वैक्सीन का एक भी इंजेक्शन नहीं लगवाया। कुछ दिनों बाद जब उसमें रेबीज के लक्षण दिखाई देने लगे तो परिजन उसे इलाज के लिए ग्वालियर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
एक सप्ताह में 4 की मौत
बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक सप्ताह में ग्वालियर में रेबीज से कुल चार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से तीन मरीजों की मौत न्यू JAH अस्पताल में हुई, जबकि एक की जान निजी अस्पताल में गई है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या और रेबीज टीकाकरण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद तुरंत एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाना बेहद जरूरी है, क्योंकि लक्षण उभरने के बाद बचाव मुश्किल हो जाता है।