रायपुर: युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब महापंचायत कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना को व्यवस्थित तरीके से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
“यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई”
उदय भानु चिब ने कहा कि 40 वर्ष से कम आयु के वे सभी युवा, जिन्होंने जमीनी स्तर पर बीजेपी के खिलाफ संघर्ष किया है, उन्हें इस आंदोलन से जुड़ना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल कांग्रेस की राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है।
पंचायती राज और विकेंद्रीकरण पर सवाल
चिब ने आरोप लगाया कि राजीव गांधी द्वारा स्थापित पंचायती राज व्यवस्था को मौजूदा सरकार कमजोर कर रही है। उनका कहना था कि यह व्यवस्था गांव स्तर तक सत्ता का विकेंद्रीकरण सुनिश्चित करती थी, लेकिन वर्तमान सरकार शक्ति को केंद्र में समेटने का प्रयास कर रही है।
मनरेगा के फंड और नाम परिवर्तन पर बयान
मनरेगा के नाम बदलने के मुद्दे पर चिब ने कहा कि केवल नाम बदलने से जमीनी सच्चाई नहीं बदल सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के बजट का 40 प्रतिशत भार राज्यों पर डालकर इसे कमजोर करने की रणनीति अपनाई जा रही है। उनका कहना था कि यदि राज्य सरकारों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा तो योजना का प्रभाव कम होगा और ग्रामीण रोजगार के अवसर घटेंगे। उन्होंने इसे मनरेगा को धीरे-धीरे समाप्त करने की कोशिश बताया।
बीजेपी सरकार पर तानाशाही का आरोप युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार को तानाशाही प्रवृत्ति वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और विपक्षी आवाजों को दबाने की कोशिश हो रही है।