भोपाल। राजधानी भोपाल से बड़ी खबर सामने आई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल की पीआरओ पूजा थापक आत्महत्या केस के आरोपी निखिल दुबे को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को भोपाल लाकर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया और न्यायलय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
आपको बता दें कि पूजा थापक जनसम्पर्क में असिसटेंट डाइरेक्टर और मंत्री प्रहलाद पटेल की पीआरओ थी। 9 जुलाई को अपनी मां से बात करने के बाद पूजा ने कमरे में फांसी लगा लिया था। जिसके बाद मामले की जांच कर गोविंदपुर पुलिस ने पूजा थापक के पति पर दहेज़, मृत्यु, प्रताड़ित करने और खुदखुशी के लिए मजबूर करने की धाराओं पर केस दर्ज किया था। वहीं एफआईआर होते ही निखिल दुबे और उसकी मां आशा दुबे पुलिस से बचने के लिए फरार हो गए।
वहीं कॉल लोकेशन ट्रैस होने के बाद निखिल दुबे का सुराग दिल्ली से मिला। पुलिस की टीम फौरन मिले लोकेशन पर पहुंची जो कि निखिल के एक दोस्त के घर का था। पुलिस ने निखिल को तो गिरफ्तार कर लिया लेकिन उसकी मां आशा दुबे का कोई पता नहीं चला। पूछताछ के दौरान निखिल ने बताया कि उसे मालूम था कि उसके ससुरालवाले उसे नहीं छोड़ेंगे इसलिए इन सब से बचने के लिए वह दिल्ली आ गया। कुछ समय तक वह कई अलग अलग होटलों में छिपा रहा। दो दिन पहले वह अपने दोस्त के घर आया था।
एसीपी दीपक नायक का कहना है कि पुलिस आशा दुबे की तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए दो अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। साथ ही निखिल की गिरफ़्तारी के बाद पुलिस उसकी मां के नाम की साड़ी सम्पतियों का ब्यौरा तैयार कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त तक अगर आशा दुबे की गिरफ़्तारी नहीं हुई तो कोर्ट कि और से उनके नाम की प्रॉपर्टी को कुर्क करने का आदेश आ सकता है।