रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में चल रहा आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब आमने-सामने की बहस तक पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच पीएम आवास के मुद्दे पर बहस की चुनौती के बाद आज रायपुर प्रेस क्लब में दोनों नेता आमने-सामने हैं। दोनों नेताओं के प्रेस क्लब पहुंचने के बाद यहां राजनीतिक गहमागहमी और बढ़ गई है। दरअसल, पीएम आवास के मुद्दे को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने एक-दूसरे को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी थी। इसके लिए रायपुर प्रेस क्लब को जगह तय किया गया था। मंगलवार को प्रस्तावित इस बहस को लेकर सुबह से ही प्रेस क्लब में हलचल बनी हुई है।
पहले आमंत्रण को लेकर उठे थे सवाल
15 सितंबर की सुबह तक कांग्रेस की ओर से कहा गया था कि सरकार या विजय शर्मा की ओर से भूपेश बघेल को बहस के लिए कोई औपचारिक सूचना या आमंत्रण नहीं मिला है। कांग्रेस की ओर से कहा गया था कि जैसे ही आमंत्रण मिलेगा, भूपेश बघेल बहस के लिए पहुंचेंगे। अब स्थिति बदल चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रेस क्लब पहुंच चुके हैं और मंच पर पहुंच गए हैं। वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी रायपुर प्रेस क्लब पहुंच गए हैं। दोनों नेताओं के आमने-सामने आने से बहस को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
प्रेस क्लब में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बहस को देखते हुए रायपुर प्रेस क्लब में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी, एसीपी समेत आधा दर्जन से ज्यादा थानेदार और बड़ी संख्या में पुलिस जवान प्रेस क्लब में तैनात किए गए हैं। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है।
मंच पर तीन कुर्सियां, मोहन तिवारी होंगे मेडिएटर
बहस के लिए प्रेस क्लब में मंच तैयार किया गया है। मंच पर तीन कुर्सियां लगाई गई हैं। इनमें एक कुर्सी पूर्व सीएम भूपेश बघेल, दूसरी डिप्टी सीएम विजय शर्मा और तीसरी रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी के लिए है। मोहन तिवारी इस बहस में मेडिएटर की भूमिका में रहेंगे।
शैलेश नितिन त्रिवेदी को पुलिस ने रोका
बहस से पहले प्रेस क्लब परिसर में उस वक्त भी गहमागहमी देखने को मिली, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी को पुलिस ने प्रेस क्लब के अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान शैलेश नितिन त्रिवेदी और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। इसके बाद कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी और आरपी सिंह भी प्रेस क्लब पहुंचे।
भाजपा कार्यकर्ता भी प्रेस क्लब पहुंचे
बहस से पहले भाजपा भी सक्रिय नजर आई। भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता प्रेस क्लब पहुंचे। इस दौरान सोशल मीडिया पर पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल से जुड़ा एक पत्र भी वायरल किया गया। भाजपा की ओर से तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव का पत्र शेयर करते हुए लिखा गया—
"ऐसी थी भूपेश सरकार की बेवफाई,
सिर्फ जनता ने ही नहीं, मंत्री ने भी ठोकर खाई।
आवास का हक डकार गए,
मंत्री भी तंग आकर इस्तीफा दे गए।"
भाजपा की ओर से इस पत्र को पीएम आवास के मुद्दे से जोड़कर कांग्रेस पर निशाना साधा जा रहा है।
कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के साथ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी और आरपी सिंह प्रेस क्लब पहुंचे हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता कुलदीप जुनेजा और सुशील आनंद शुक्ला भी मौके पर मौजूद हैं। वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा के पहुंचने के बाद अब दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। ऐसे में पीएम आवास योजना को लेकर होने वाली बहस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि पीएम आवास के मुद्दे पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच होने वाली इस बहस में कौन किसके सवालों का क्या जवाब देता है।