Jitu Patwari Chhatarpur: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक नया और आक्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पटवारी मंच से ही पुलिस अधिकारी को 'हड़काते' नजर आए। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि पुलिस भाजपा के दबाव में काम करना बंद करे, वरना भविष्य में इसका खामियाजा भुगतना होगा।
याद रखना, यही गरीब सबक सिखाएंगे
बड़ा मलहरा क्षेत्र में आयोजित संत रविदास मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जीतू पटवारी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। इसी दौरान मंच पर भाषण देते हुए उनकी नजर बमनौरा थाना प्रभारी शिशिर तिवारी पर पड़ी। पटवारी ने बीच संबोधन में ही उनसे सवाल-जवाब शुरू कर दिए पटवारी ने टीआई से उनका थाना पूछा और फिर कड़े लहजे में कहा कि प्रशासन भाजपा के दबाव में आकर गरीबों पर जुल्म न करे। उन्होंने आगे कहा, याद रखना, आज भले ही सत्ता का रसूख हो, लेकिन यही गरीब 3 साल बाद ऐसा सबक सिखाएंगे कि याद रखोगे।
दबाव का लगाया आरोप
जीतू पटवारी ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सत्ताधारी दल के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से कहा कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और किसी भी अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाषण के अंत में उन्होंने "भारत माता की जय" के नारे के साथ अपनी बात खत्म की।
वीडियो वायरल, छिड़ी जंग
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। पटवारी समर्थकों का कहना है कि पटवारी ने गरीबों के हक में निडर होकर अपनी बात रखी है। वही सत्ता पक्ष और विरोधियों ने इसे प्रशासनिक अधिकारियों का मनोबल गिराने और सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप करार दिया है। फिलहाल तीखी बयानबाजी पर पुलिस प्रशासन या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।