हटा/पटेरा। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिंदू एकता रथयात्रा लगातार पूरे जोश के साथ आगे बढ़ रही है। यात्रा के तीसरे दिन बागेश्वर महाराज ने गौरीशंकर भगवान के दर्शन कर यात्रा हटा और पटेरा पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने जोरशोर के साथ उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर एकत्रित हुए और साधु-संतों के साथ यात्रा में शामिल लोगों पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। जिसका तस्वीर सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है।
हिंदू समाज से एकजुट रहने की अपील
इधर, यात्रा के पटेरा बस स्टैंड पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू समाज से एकजुट रहने की अपील की। साथ ही हिंदू बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “दुर्गा बनो, काली बनो, कभी न बुर्के वाली बनो।” बागेश्वर महाराज का यह बयान सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
सुख-चैन से रहना मुश्किल हो जाएगा
संबोधन में शास्त्री ने आगे कहा कि हिंदुओं को एकता बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि हिंदू समाज अब एकजुट नहीं हुआ, तो आने वाले समय में लोगों के लिए सुख-चैन से रहना मुश्किल हो सकता है।
रात दो बजे श्रद्धालुओं ने यात्रा का किया स्वागत
इससे पहले रथयात्रा हटा नगर पहुंची, जहां सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब दो बजे श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और धार्मिक पदाधिकारियों ने यात्रा की अगवानी की।