ग्वालियर। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल 15 और 16 अक्टूबर को ग्वालियर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय और राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोहों में शामिल होंगे। जिसको लेकर तैयारियां शुरु कर दी गई है.
दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे एयरपोर्ट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल मंगुभाई पटेल 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे वायु मार्ग से महाराजपुरा स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पहुंचेंगे। यहां से वे मुरार के वीआईपी सर्किट हाउस जाएंगे। दोपहर 3:15 बजे कृषि महाविद्यालय में सेंट्रल प्रोसेसिंग लाइन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 3:45 बजे कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित 12वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।
वीआईपी सर्किट हाउस में करेंगे विश्राम
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राज्यपाल मुरार स्थित वीआईपी सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे। इसके बाद 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वे राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। यह समारोह राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा।
2 बजे के बाद भोपाल के लिए होंगे रवाना
दीक्षांत समारोह में सहभागिता के बाद राज्यपाल दोपहर करीब एक बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 2:05 बजे महाराजपुरा विमानतल से वायु मार्ग के जरिए भोपाल के लिए रवाना होंगे। राज्यपाल के इस दौरे में उच्च शिक्षा और कृषि क्षेत्र से जुड़े दोनों विश्वविद्यालयों के महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल हैं।